गाजियाबाद में ट्रैक्टर ने छात्र को कुचला, मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने करहेड़ा कट पर लगाया जाम
गाजियाबाद, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद थाना क्षेत्र के करहेड़ा मोड़ पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने करहेड़ा कट पर जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बूझाकर कर शांत कराया तथा यातायात सामान्य करवाया।
सहायक पुलिस आयुक्त अमित सक्सेना ने बताया कि करहेड़ा निवासी खुर्शीद का बेटा सलमान कक्षा पांच का छात्र था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे वह साइकिल पर सवार होकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान टीला मोड़ निवासी मुरसलीम रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर लोनी की ओर से करहेड़ा जा रहा था।
करहेड़ा मोड़ पर ट्रैक्टर ने सलमान की साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सलमान सड़क पर गिर पड़ा और ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल सलमान को तत्काल नरेंद्र मोहन अस्पताल मे उपचार के लिए भर्ती करवाया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होने बताया कि ग्रामीणों ने करहेड़ा कट पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने समझा- बूझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक मुरसलीम को हिरासत में ले लिया है। सलमान के पिता खुर्शीद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

