अनूपपुर में मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, 15 वर्षीय किशोरी की मौत, तीन महिलाएं घायल
अनूपपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में धान की रोपाई कर लौट रहे मजदूरों से भरा एक ट्रैक्टर मंगलवार दोपहर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से 15 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं घायल हो गईं। दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के नवीन सब्जी मंडी के समीप करहीबाह गांव के पास हुई।
पुलिस के अनुसार सामतपुर वार्ड क्रमांक-6 निवासी राजू चौधरी की 15 वर्षीय पुत्री नजर चौधरी की ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में सामतपुर निवासी प्राची चौधरी (25), शांति चौधरी और सीमा चौधरी (30) घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों को जिला चिकित्सालय अनूपपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके हाथ, पैर और कमर में चोट आने की पुष्टि की है।
घायलों ने बताया कि सामतपुर मोहल्ले की छह महिलाएं करहीबाह गांव स्थित केशव राठौर के खेत में धान की रोपाई करने गई थीं। दोपहर में काम समाप्त होने के बाद सभी ट्रैक्टर से वापस लौट रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लौटते समय ट्रैक्टर पर सवार कुछ महिलाएं मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान चालक का ध्यान पीछे की ओर चला गया, जिससे वाहन असंतुलित होकर पलट गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

