टोरेंट गैस बिल अपडेट करने के नाम पर महिला से 4.44 लाख की साइबर ठगी
जयपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। विद्याधर नगर थाना इलाके में टोरेंट गैस का बिल अपडेट करने का झांसा देकर 58 वर्षीय महिला से 4 लाख 44 हजार 207 रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने मोबाइल पर व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर गैस कनेक्शन काटने की धमकी दी। इसके बाद बिल अपडेट कराने के नाम पर लिंक भेजकर एक एप डाउनलोड करवाया। एप डाउनलोड करते ही महिला के बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे और अलग-अलग लेन-देन में पूरी रकम निकाल ली गई। पीड़िता की शिकायत पर विद्याधर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई देवीलाल ने बताया कि विद्याधर नगर सेक्टर-6 निवासी शकुन्तला रानी (58) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 1 नवंबर को उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप मैसेज आया। इसमें लिखा था कि टोरेंट गैस का बिल अपडेट करवाने के लिए दिए गए मोबाइल नंबर पर मिस्टर राकेश मिश्रा से संपर्क करें, अन्यथा उनका गैस कनेक्शन हटा दिया जाएगा।
मैसेज देखकर महिला ने अगले दिन शाम दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान सामने वाले व्यक्ति ने टोरेंट गैस का बिल अपडेट करने की बात कहकर एक एप का लिंक भेजा और उसे डाउनलोड करने के लिए कहा। महिला ने लिंक के जरिए एप डाउनलोड कर लिया।
एप डाउनलोड करते ही महिला के मोबाइल पर बैंक खाते से रुपए निकलने के ट्रांजेक्शन मैसेज आने लगे। ठगों ने कई ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए उनके बैंक खाते से कुल 4 लाख 44 हजार 207 रुपए निकाल लिए। ऑनलाइन ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने विद्याधर नगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस मोबाइल नंबर, भेजे गए लिंक और बैंक खातों में हुए लेन-देन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

