25 हजार का इनामी और टॉप-10 अपराधी मन्ने सिंह एसटीएफ के शिकंजे में
सीवान, 13 जून (हि.स.)। सीवान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मन्ने सिंह को जिला पुलिस, एसटीएफ और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि मान रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 12 जून को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान दारौंदा थाने के रामगढ़ा गांव निवासी मन्ने सिंह को दबोच लिया गया। वह गोरेयाकोठी थाना कांड संख्या 317/24 में वांछित था और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मन्ने सिंह का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ लूट, डकैती, रंगदारी, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में आठ से अधिक मामले दर्ज हैं। वह दरौंदा, गोरेयाकोठी, महाराजगंज और जीबी नगर थानों में दर्ज विभिन्न कांडों का अभियुक्त रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। सटीक सूचना मिलने के बाद जिला आसूचना इकाई, एसटीएफ और गोरेयाकोठी थाना पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई और फिर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
सीवान पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा फरार अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में जिला आसूचना इकाई, एसटीएफ टीम, गोरेयाकोठी थानाध्यक्ष एवं थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

