नवादा में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, भारी मात्रा में हथियार व उपकरण बरामद
नवादा,22 अक्टूबर (हि.स.)।नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के बनगंगा गांव में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध हथियार निर्माण इकाई का उद्भेदन किया है। गुरुवार को छापेमारी में पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा करते हुए भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने वाली मशीनें, विभिन्न उपकरण और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका पुत्र मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर एसएसपी/एसपी के निर्देशन में संयुक्त टीम ने बनगंगा गांव निवासी दिलीप विश्वकर्मा और उसके पिता विनेश विश्वकर्मा उर्फ बिंदी मिस्त्री के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी राहुल सिंह, नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार और एसटीएफ के एसआई दिवाकर कुमार ने पुलिस बल के साथ किया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने ग्राइंडर मशीन, वेल्डिंग मशीन, पिलर ड्रिल मशीन, बेंच वाइस, देसी कट्टा बनाने के 15 सांचे, हथियारों की नलियां, अर्धनिर्मित बॉडी और बट समेत हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए। इसके अलावा .32 बोर के तीन छोटे और 8 एमएम केएफ का एक बड़ा जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

