नवादा में 41 गिरफ्तार, 335 लीटर महुआ शराब बरामद
नवादा, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार को 41 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 335 लीटर महुआ शराब बरामद की। वहीं, वाहन जांच के दौरान 299 वाहनों की जांच की गई और नियमों के उल्लंघन पर 28 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
पुलिस कार्यालय से 25 अक्टूबर 2026 को जारी रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में लूट के मामले में एक, अनुसूचित जाति-जनजाति से संबंधित मामले में एक, आर्म्स एक्ट में एक, हत्या के प्रयास के मामले में तीन तथा मद्य निषेध के मामलों में 19 आरोपित शामिल हैं। अन्य मामलों में 16 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई में साइबर थाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पप्पू पांडेय, पिता श्यामसुंदर पांडेय, निवासी सकरपुरा, थाना नेमदारगंज को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो मोबाइल, आठ डेबिट कार्ड, एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो नोटबुक, एक सिम कार्ड और 5 लाख 55 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 102/26 दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

