नवादा के जंगल में पुलिस की छापेमारी, विदेशी शराब बरामद
नवादा, 24 नवंबर (हि.स.)।नवादा जिले के कोआकोल थाना पुलिस ने मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर नवादा के मधुरापुर के घने जंगल में छापेमारी कर 92.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही शराब के धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहे।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर पंकज कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से भारी मात्रा में विदेशी शराब लाकर मधुरापुर जंगल में छिपाई गई है।
इसका इस्तेमाल आसपास के इलाके में अवैध रूप से शराब खपाने के लिए किया जाना था। सूचना के सत्यापन के बाद एसआई प्रमोद कुमार सिंह एवं एएसआई धनंजय कुमार सहित अन्य पुलिस बल के सहयोग से छापेमारी की गई। इस दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई शराब जब्त की गई।
पुलिस द्वारा बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 750 एमएल की 24 बोतल एवं 375 एमएल की 24 बोतल, रॉयल चैलेंज की 750 एमएल की 10 बोतल, किंगफिशर बीयर की 500 एमएल की 96 बोतल तथा बडवाइजर की 500 एमएल की 20 बोतल शामिल हैं।
पुलिस ने कुल 174 बोतल शराब जब्त की है, जिसकी कुल मात्रा 92.5 लीटर तथा अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त धंधेबाजों की पहचान कर ली गई है। प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी एवं आगे की कार्रवाई में पुलिस जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

