हथियार के साथ तृणमूल पूर्व छात्र नेता की वायरल तस्वीर से मचा हड़कंप
मालदा, 03 जुलाई (हि. स.)। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ एक पूर्व तृणमूल छात्र परिषद नेता की तस्वीर शुक्रवार को वायरल होने के बाद जिले के सामसी और रतुआ इलाके में राजनीतिक तनाव फैल गया है। वायरल तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति की पहचान रतुआ निवासी शेख रियाजुल के रूप में की जा रही है।
बताया जा रहा है कि वह पहले सामसी कॉलेज में तृणमूल छात्र परिषद के यूनिट अध्यक्ष रह चुके है। हालांकि, इस वायरल तस्वीर की सत्यता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के उत्तर मालदा जिला महासचिव अभिषेक सिंघानिया ने कहा कि एक पूर्व छात्र नेता के हाथ में हथियार होना बेहद चिंताजनक है। हम निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।
आरोपित शेख रियाजुल से संपर्क करने की कई बार कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद होने के कारण कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
रतुआ थाने की पुलिस ने बताया कि वायरल पोस्ट उनके संज्ञान में है। तस्वीर की सत्यता के साथ-साथ पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
इस बीच मालदा जिला तृणमूल छात्र परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रसून राय ने कहा कि शेख रियाजुल पहले सामसी कॉलेज के यूनिट अध्यक्ष थे, लेकिन वर्तमान में कोई यूनिट कमेटी नहीं है। मैंने भी सोशल मीडिया पर यह तस्वीर देखी है। कानून के अनुसार पुलिस पूरे मामले की जांच कर उचित कदम उठाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

