home page

तृणमूल पंचायत सदस्य के घर पर हमला, 35 हजार रुपये लूटने का आरोप

 | 
तृणमूल पंचायत सदस्य के घर पर हमला, 35 हजार रुपये लूटने का आरोप


जलपाईगुड़ी, 27 नवंबर (हि. स.)। जलपाईगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस के एक पंचायत सदस्य के घर पर बदमाशों द्वारा हमला करने और नकदी लूटने का मामला शुक्रवार को सामने आया है। घटना पहाड़पुर ग्राम पंचायत के बालापाड़ा इलाके की है। आरोप है कि गुरुवार देर रात तृणमूल पंचायत सदस्य बाबलू बसाक के घर को निशाना बनाया गया। शुक्रवार सुबह बाबलू बसाक की तरफ से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने घर का मुख्य गेट और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में रखे सामानों में जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। परिवार का आरोप है कि घर में रखे करीब 30 से 35 हजार रुपये नकद लूट लिए गए। घटना के समय बाबलू बसाक और उनके परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा है और कई चीजें क्षतिग्रस्त हैं। बाबलू बसाक का दावा है कि हमलावरों में से कई लोगों को वह पहचानते हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी उनके घर पर इसी तरह हमला किया गया था। उनका आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस का पंचायत सदस्य होने के कारण उन्हें योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार