home page

भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तृणमूल नेता शाहजहां अली गिरफ्तार

 | 
भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तृणमूल नेता शाहजहां अली गिरफ्तार


उत्तर दिनाजपुर, 10 जून (हि. स.)। भारत-बांग्लादेश सीमा पर मवेशी और मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली नेता शाहजहां अली को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई हेमताबाद पुलिस की तरफ से बुधवार तड़के की गई। पुलिस के अनुसार, शाहजहां अली को चाइनगर सीमा क्षेत्र से पकड़ा गया। वह करनदिघी के पूर्व विधायक गौतम पाल और राज्य के पूर्व मंत्री सत्यजीत बर्मन के करीबी माने जाते हैं।

जानकारी के मुताबिक, बामर बोर्ड आउट पोस्ट (बीओपी) इलाके में कंटीले तार काटकर मवेशी तस्करी के दौरान दो बांग्लादेशी आरोपितों को पकड़ा गया था। उनसे पूछताछ के आधार पर ही इस पूरे गिरोह के सरगना शाहजहां अली तक पुलिस पहुंच सकी। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 63वीं बटालियन के अनुसार, शाहजहां पिछले करीब 15 वर्षों से तस्करी गतिविधियों में सक्रिय था और उसके खिलाफ 100 से अधिक मामले दर्ज हैं। उस पर चुनाव में गड़बड़ी और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ जैसे गंभीर आरोप भी पहले से लगे हुए हैं।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पीडीपीपी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। बुधवार को उसे रायगंज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस का दावा है कि इस गिरोह में करीब 70 सदस्य शामिल है, जिनमें अधिकांश बांग्लादेशी नागरिक है। जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच कर पुलिस अब पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार