home page

जमीन घोटाले में तृणमूल नेता गिरफ्तार

 | 

दक्षिण दिनाजपुर, 22 मई (नि.सं.)। जिले के बुनियादपुर नगर पालिका के चेयरमैन रहे तृणमूल नेता कमल सरकार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर जमीन बिक्री के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को उसके खिलाफ बंशीहारी थाने में उपेंद्रनाथ सरकार नामक व्यक्ति ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद गुरुवार को कमल सरकार को गिरफ्तार किया गया। उन्हें गंगारामपुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने तीन दिन की पुलिस हिरासत का आदेश दिया।

इस मामले में तृणमूल के एक और नेता कौशिक महतो तथा उनके दो सहयोगी दिवाकर दास और मासदुर रहमान को भी गिरफ्तार किया गया है। कौशिक महतो हिली ब्लॉक के त्रिमोहिनी क्षेत्र के निवासी है और जिला परिषद में जनस्वास्थ्य कर्माध्यक्ष पद पर है। सभी आरोपितों को भ्रष्टाचार और अवैध वसूली समेत कई मामलों में गिरफ्तार किया गया है।

पूर्व मंत्री और हरिरामपुर के विधायक बिप्लब मित्र ने इन गिरफ्तारियों को राजनीतिक से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों में नाम जोड़कर कार्रवाई की जा रही है और वे इस मुद्दे को सरकार के सामने उठाएंगे।

वहीं, बीजेपी के जिला अध्यक्ष स्वरूप चौधरी ने तृणमूल पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “यह पार्टी लूट और भ्रष्टाचार में लिप्त रही है, और सत्ता बदलने के बाद ऐसे लोगों की जगह अब जेल में है। कानून अपना काम करेगा।”

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार