home page

नदी से अवैध रूप से मिट्टी निकालकर अपनी ईंट भट्ठे में खपाने का आरोप, तृणमूल नेता गिरफ्तार

 | 
नदी से अवैध रूप से मिट्टी निकालकर अपनी ईंट भट्ठे में खपाने का आरोप, तृणमूल नेता गिरफ्तार


मालदा, 25 नवंबर (हि. स.)। नदी से अवैध रूप से मिट्टी निकालकर अपने ईंट भट्ठे में इस्तेमाल करने के आरोप में पुलिस ने मालदा के तृणमूल कांग्रेस नेता और पंचायत समिति सदस्य नजरुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी के बाद जिले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, कालियाचक-2 ब्लॉक पंचायत समिति के भूमि कर्माध्यक्ष नजरुल इस्लाम पर नदी से मिट्टी निकालकर उसकी तस्करी करने का आरोप है। स्थानीय निवासियों ने इस संबंध में भूमि एवं भूमि सुधार विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर विभाग के राजस्व अधिकारी ने मोथाबाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और नजरुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया।

दक्षिण मालदा संगठनात्मक जिले के भाजपा महासचिव नीलांजन दास ने कहा कि मौजूदा सरकार में किसी भी तरह की वसूली और चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तृणमूल के कथित भ्रष्ट नेताओं को सतर्क रहने की चेतावनी भी दी।

वहीं, तृणमूल नेता विश्वजीत घोष ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से पुलिस तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। उनका आरोप है कि विभिन्न मामलों में तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारियां की जा रही है।

नजरुल की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने कोई गलत काम किया है तो कानून के अनुसार सजा मिलेगी। वहीं, उन्होंने कहा यदि वह निर्दोष है तो उन्हें जमानत मिल जाएगी। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष तरीके से काम करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार