home page

सीमा पार तस्करी मामले में तृणमूल नेता को चार दिन की पुलिस हिरासत

 | 
सीमा पार तस्करी मामले में तृणमूल नेता को चार दिन की पुलिस हिरासत


उत्तर दिनाजपुर, 14 जून (हि. स.)। भारत-बांग्लादेश सीमा पर पशु और मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े मामले में हेमताबाद के एक प्रभावशाली तृणमूल कांग्रेस नेता अली साकिरुल इस्लाम को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। वह विष्णुपुर ग्राम पंचायत के भोग्राम के निवासी हैं। उसे रायगंज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, काफी समय से सीमा क्षेत्र में तस्करी का संगठित नेटवर्क सक्रिय था। हाल ही में बामर बॉर्डर आउट पोस्ट (बीओपी) इलाके में सीमा की कंटीली तार काटकर 12 मवेशियों को बांग्लादेश भेजने की घटना सामने आई थी। इस मामले में पकड़े गए दो बांग्लादेशी तस्करों से पूछताछ के दौरान अली साकिरुल इस्लाम का नाम सामने आया।

जांच में खुलासा हुआ है कि वह केवल मवेशी तस्करी ही नहीं, बल्कि फेंसिडिल जैसे प्रतिबंधित कफ सिरप और ब्राउन शुगर की तस्करी का भी मुख्य सरगना था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। रविवार तड़के पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर माकरहाट इलाके में एक रिश्तेदार के घर से उसे गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसमें कई संदिग्ध भारतीय और बांग्लादेशी नंबर पाए गए है।

आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सरकारी संपत्ति संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार