home page

काली फिल्म और अवैध नंबर प्लेट वालों पर पुलिस का सख्त शिकंजा

 | 
काली फिल्म और अवैध नंबर प्लेट वालों पर पुलिस का सख्त शिकंजा


जयपुर, 27 जून (हि.स.)। प्रदेश में सड़क सुरक्षा मजबूत करने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए राजस्थान पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश और महानिदेशक पुलिस (यातायात) अनिल पालीवाल के सुपरविजन में 4 जून से 26 जून 2026 तक प्रदेशभर में 1 लाख 77 हजार 34 यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में चालान किए गए।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्म के 64,906, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट के 44,635, अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह के 24,709, अवैध मॉडिफिकेशन के 19,050, लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर के 14,255 तथा प्रेशर हॉर्न के 9,479 मामलों में कार्रवाई की गई।

26 जून को अकेले एक दिन में 5,307 वाहनों के चालान किए गए। इनमें 1,608 काली फिल्म, 1,174 अवैध नंबर प्लेट, 891 अवैध मॉडिफिकेशन, 676 अनधिकृत लेखन, 669 लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर व हूटर तथा 289 प्रेशर हॉर्न के मामले शामिल रहे।

जिलावार कार्रवाई में अजमेर 711 चालानों के साथ प्रदेश में सबसे आगे रहा। राजधानी जयपुर में कमिश्नरेट क्षेत्र में कुल 1,270 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनमें जयपुर पश्चिम में 596, जयपुर पूर्व में 414, यातायात शाखा में 198, जयपुर दक्षिण में 61 और जयपुर उत्तर में एक चालान किया गया। वहीं जयपुर ग्रामीण में 321 वाहनों पर चालान और सीज की कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न, अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, हूटर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश