home page

मजनू का टीला में 45 लाख की डकैती का खुलासा, जम्मू-कश्मीर के पांच आरोपित गिरफ्तार

 | 
मजनू का टीला में 45 लाख की डकैती का खुलासा, जम्मू-कश्मीर के पांच आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर जिले के थाना तिमारपुर और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने मजनू का टीला क्षेत्र में हुई 45 लाख रुपये की डकैती की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन महिलाओं समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि साजिश का मास्टरमाइंड अब भी फरार है।

उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बनथिया ने शुक्रवार को बताया कि 17 फरवरी 2026 को जम्मू निवासी 39 वर्षीय रमेश लाल ने थाना तिमारपुर में शिकायत दी थी। वह जम्मू स्थित अपनी मोबाइल दुकान ‘गैजेट गैलेक्सी’ से व्यापार के सिलसिले में निजी बस से दिल्ली आए थे। उनके पास एक बैग में 15 लाख रुपये नकद और 22 एप्पल मोबाइल फोन (कीमत करीब 30 लाख रुपये) थे।

सुबह करीब 7:15 बजे जब वह मजनू का टीला पर बस से उतरे और ऑटो में बैठने लगे, तभी तीन पुरुष और तीन महिलाओं ने उन्हें घेर लिया। महिलाओं ने उन पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान पुरुष आरोपित नकदी और मोबाइल से भरा बैग लेकर फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से तीनों महिलाओं को पकड़ लिया गया। उनके पास से पीड़ित का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।

इस संबंध में थाना तिमारपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात में कुल छह लोग शामिल थे और साजिश का मास्टरमाइंड परवेज (निवासी जम्मू) है। पुलिस टीम ने फरार आरोपितों की तलाश में पंजाब और जम्मू-कश्मीर में लगातार छापेमारी की।

तकनीकी निगरानी के आधार पर 20 फरवरी को मोहम्मद फारूक उर्फ इमरान उर्फ मधु को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया। वह अग्रिम जमानत के लिए वकील से मिलने जा रहा था। दूसरी टीम ने दुर्गम पहाड़ी और घने जंगल वाले उधमपुर क्षेत्र में लगातार आठ दिन तक अभियान चलाकर तारिक हुसैन उर्फ फरीदो को उसके गांव के जंगल क्षेत्र से दबोचा। तलाशी में उसके पास से दो लाख रुपये बरामद हुए। उसकी निशानदेही पर घर में पशुओं के बाड़े में छिपाकर रखे गए 13 लाख रुपये और 21 एप्पल आईफोन बरामद कर लिए गए। पुलिस ने बताया कि आरोपितों ने बस में ही पीड़ित को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। दिल्ली पहुंचते ही महिलाओं ने झूठा आरोप लगाकर ध्यान भटकाया और पुरुष साथी माल लेकर जम्मू लौट गए।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मनीवा अख्तर (24), जुना बेगम (31) और हाशु बीबी (23) के रूप में हुई है। पुरुष आरोपितों में तारिक हुसैन (33) और मोहम्मद फारूक (28) शामिल हैं। सभी जम्मू-कश्मीर के निवासी हैं। पुलिस ने 15 लाख रुपये नकद, 21 एप्पल आईफोन (कीमत लगभग 30 लाख रुपये) और पीड़ित का रेडमी-10 मोबाइल फोन बरामद कर 100 प्रतिशत रिकवरी कर ली है। मास्टरमाइंड परवेज की तलाश में छापेमारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी