12वीं पास छात्र ने लाइसेंसी रायफल से खुद को गोली मारी, सुसाइड नोट में लिखा- सोशल गिल्ट
नई दिल्ली, 15 जुलाई (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र के चौखंडी इलाके में मंगलवार शाम 17 वर्षीय छात्र ने कथित तौर पर लाइसेंसी 12 बोर रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मौके से पुलिस को एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने 'सोशल गिल्ट' (सामाजिक अपराधबोध) का जिक्र किया है। हालांकि, पुलिस को अब तक की जांच में किसी तरह की साजिश या आपराधिक पहलू के संकेत नहीं मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम तिलक नगर थाने को चौखंडी स्थित एक मकान में किशोर द्वारा खुद को गोली मारने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और कैट्स एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक किशोर की मौत हो चुकी थी। जांच में पता चला कि 17 वर्षीय नाबालिग अपने परिवार के साथ चौखंडी में किराये के मकान में रहता था। उसने हाल ही में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह परिवार में सबसे छोटा था। उसके पिता पिछले करीब 20 वर्षों से दिल्ली में रह रहे हैं और द्वारका क्षेत्र में छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय घर में किशोर, उसके पिता और एक रिश्तेदार मौजूद थे। शाम करीब पांच बजे किशोर बाथरूम में गया और वहीं रखी 12 बोर की लाइसेंसी रायफल से खुद को गोली मार ली। यह रायफल पहले उसके दादा के नाम पर लाइसेंसशुदा थी, जो सुरक्षा गार्ड थे। बाद में हथियार का लाइसेंस उसके पिता के नाम स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि हथियार का लाइसेंस वर्ष 2030 तक वैध है। घटना की सूचना पर क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें छात्र ने 'सोशल गिल्ट' का उल्लेख किया है। पुलिस फिलहाल नोट की लिखावट और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस ने संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है, फिर भी सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

