home page

बेटी के प्रेम संबंध और गर्भवती होने की बात से पिता को था बदनामी का डर, रिश्तेदार संग मिलकर नदी में डुबोकर मार डाला

 | 

नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बेटी के शादी से पहले गर्भवती होने की जानकारी से पिता को सामाजिक बदनामी का डर था। इसी वजह से उसने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर बेटी को आगरा के पास चंबल नदी के किनारे ले जाकर कथित तौर पर नदी में डुबो दिया। पुलिस ने मामले में आरोपित पिता लखपत सिंह और उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, युवती का शव अब तक बरामद नहीं हो सका है।

दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने शुक्रवार को बताया कि 31 जुलाई को तिगड़ी थाने में एक युवती की उसके पिता द्वारा हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती के गर्भवती होने की बात सामने आने के बाद उसके पिता को सामाजिक बदनामी की चिंता सताने लगी थी। पुलिस की जांच में आरोप है कि लखपत सिंह ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर युवती को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके बाद दोनों उसे आगरा के बासोनी के पास चंबल नदी के किनारे ले गए। वहां कथित तौर पर युवती को जानबूझकर नदी में डुबो दिया गया। घटना के बाद दोनों वापस लौट आए और मामले को छिपाने की कोशिश की। जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने के साथ घटना में इस्तेमाल किए गए साधनों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

नदी में शव की तलाश जारी

युवती का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की मदद से चंबल नदी में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। नदी के बहाव और इलाके की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए शव की तलाश लगातार की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तलाशी अभियान जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी