home page

सागर: टाइगर रिजर्व के जंगल में मिला युवक का शव

 | 
सागर: टाइगर रिजर्व के जंगल में मिला युवक का शव


सागर, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के घने जंगल में बुधवार की रात 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। घटनास्थल पर युवक की बाइक तो मौजूद थी, लेकिन उसकी चाबी गायब मिली, जिससे मामला और भी उलझ गया है।

जानकारी के अनुसार, रहली-जबलपुर मार्ग पर स्थित विस्थापित ग्राम मुहली के पास वनकर्मी गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर जंगल में पड़े एक शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाइक के नंबर की जांच करने पर मृतक की पहचान सागर के बाईसा मोहल्ला निवासी विकास राजपूत (30 वर्ष) के रूप में हुई।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए गुरुवार सुबह एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की चप्पलें, इयरफोन और अन्य सामान बरामद किया है। हालांकि, बाइक की चाबी न मिलना किसी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। रहली पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। गुरुवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे