सागरः वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बड़ी कार्रवाई: 52 नग अवैध सागौन की लकड़ी जब्त
सागर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में स्थित वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ रविवार को वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। रिजर्व के गेम परिक्षेत्र झापन की बीट सोमखेड़ा से लगे ग्राम सुहेला में वन विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर 52 नग अवैध सागौन कीमती इमारती लकड़ी जब्त की है।
वनमंडल अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वनक्षेत्रपाल सुश्री मनीषा मुकाती के नेतृत्व में परिक्षेत्र मोहली एवं झापन की संयुक्त टीमों ने पूरी मुस्तैदी के साथ सुहेला गांव में सर्च वारंट के आधार पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान जब मुख्य आरोपी भीकम सिंह पुत्र करण सिंह लोधी के घर पर दबिश दी गई, तो घर बंद मिला और उस पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ग्राम सरपंच तथा अन्य स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में घर के आसपास और परिसर की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां छिपाकर रखे गए 52 नग सागौन के लट्ठे/इमारती लकड़ी बरामद किए गए, जिन्हें वन विभाग की टीम ने तुरंत जब्त कर लिया।
इस सफल और साहसिक कार्रवाई में परिक्षेत्र मोहली और झापन के वन विभागीय अमले के साथ-साथ पुलिस चौकी इमलिया का स्टाफ भी पूरी तरह मुस्तैद रहकर शामिल रहा। वन विभाग अब इस मामले में आगे की कानूनी जांच कर रहा है ताकि लकड़ी की इस अवैध कटाई और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

