बांदा में एक ही दिन तीन युवकों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
बांदा, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा शहर में एक ही दिन अलग-अलग स्थानों पर दाे युवकों के शव मिलने और एक युवक की करंट लगने से मौत होने की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहली घटना शहर की काशीराम कॉलोनी की है। कालिंजर थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी आकील (45) यहां रहकर शटरिंग का काम करता था। बताया गया कि वह पिछले तीन दिनों से अपने कमरे से बाहर नहीं निकला था। मोहल्ले के लोग उसे लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा था।
बुधवार की शाम मोहल्ले और पड़ोस के लोग उसके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक कुंडी खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो आकील का शव जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी मेहरुनिशा ने बताया कि वह इन दिनों अपने मायके में थी और पति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी उसे जानकारी नहीं है।
दूसरी घटना में पैलानी थाना क्षेत्र के गौरी खुर्द गांव निवासी राजेश (26) का शव बुधवार सुबह मवई बाईपास के पास सड़क किनारे औंधे मुंह पड़ा मिला। राजेश शहर में मकान बनाकर रहता था और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
मृतक के साले सुनील ने आरोप लगाया कि राजेश को उसके कुछ दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे और बाद में उसके सिर पर किसी वजनदार वस्तु से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए। राजेश दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी पुष्पा, एक बेटा और एक बेटी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
तीसरी घटना शहर के छावनी मोहल्ला स्थित वी मार्ट के समीप हुई, जहां बृजेंद्र सिंह (37) पुत्र शमशेर सिंह की लाश सड़क किनारे पड़ी मिली। कानपुर के मंगलाविहार कॉलोनी निवासी बृजेंद्र रिलायंस मोबाइल नेटवर्किंग का काम करता था और बांदा में रह रहा था। बुधवार सुबह वह अपने काम से जा रहा था। इसी दौरान वी मार्ट के समीप बिजली के पोल के संपर्क में आने से संभवतः वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के साथी नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार बृजेंद्र मोबाइल नेटवर्किंग का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी मिथलेश कुमारी और एक बेटा है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
--------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

