सिरसा: सडक़ हादसे में तीन युवाओं की मौत, पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपे
सिरसा, 22 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव अभोली के निकट हुए सडक़ हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई। सिरसा के नागरिक अस्पताल में रविवार को शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव आठ बुर्जी निवासी कर्ण, कृष्ण तथा भडोलांवाली निवासी राजबीर (तीनों नाबालिग) शनिवार रात को मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव अभोली की ओर से भडोलांवाली की तरफ जा रहे थे। गांव अभोली के निकट ट्रैक्टर ट्राली से मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रानियां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कर्ण और कृष्ण को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजबीर को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से टै्रक्टर ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है और मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। रविवार को तीनों शवों का सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

