राजगढ़ः कपड़ा दुकान से 9 हजार की 6 साड़ियां चोरी, तीन महिलाएं पकड़ाई, दो फरार
राजगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के ओल्ड एबी रोड स्थित मां वैष्णो देवी मंदिर के सामने गुरुकृपा कलेक्शन पर शुक्रवार दोपहर पांच महिलाओं ने चंद मिनटों में करीब 9 हजार रुपये कीमत की छह साड़ियां चोरी कर लीं।
वारदात उस समय हुई जब दुकान संचालक बाहर गए हुए थे। हालांकि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरी का खुलासा हो गया। पीछा कर तीन महिलाओं को पकड़ लिया गया,जबकि उनकी दो साथी मौके से फरार हो गईं।
दुकान संचालक रूपसिंह कुशवाह ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे पांच महिलाएं साड़ियां खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचीं। उस समय दुकान पर कर्मचारी मौजूद था। महिलाओं ने कई साड़ियां देखने के बाद बिना खरीदे जाने की बात कही। उनके जाने के बाद कर्मचारी को शक हुआ तो सीसीटीवी फुटेज देखी गई। फुटेज में महिलाएं साड़ियों को छिपाकर दुकान से निकलती और बाद में अपना नगर जाने वाली सड़क पर एक कट्टे में रखती दिखाई दी। इसके बाद दुकानदार और आसपास के लोगों ने महिलाओं का पीछा किया और थाने के सामने उन्हें रोक लिया। तीन महिलाओं को पकड़कर सिटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि दो महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गईं।
सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिलाएं गुना जिले की रहने वाली हैं और चोरी की नीयत से ब्यावरा आई थीं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं वे शहर की अन्य दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल तो नहीं हैं। फरार दो महिलाओं की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

