home page

दो दुकानों में चोरी करने वाले तीन शातिर मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

 | 
दो दुकानों में चोरी करने वाले तीन शातिर मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली


कानपुर, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में कलक्टरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागंज में दो दुकानों से लाखों रुपये की नकदी चोरी करने वाले तीन शातिरों की गुरुवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपित के पैर में गोली लगी। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा, 70 हजार रुपये नकद, चापड़ और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि चकेरी के शिवकटरा निवासी सज्जन गुप्ता की नयागंज में किराना और मेवे की दुकान है। बीती एक मार्च की देर रात चोरों ने पीछे पड़े खाली प्लॉट की दीवार में सेंध लगाकर करीब तीन लाख रुपये चोरी कर लिए थे। वहीं, तीन दुकान छोड़कर नवाबगंज निवासी दिनेश प्रसाद की दुकान से भी करीब 70 से 80 हजार रुपये और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। इस मामले में पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ लोग संदिग्ध नजर आए।

गुरुवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में चोरी की योजना बना रहे चार-पांच बदमाश सीपीसी माल गोदाम के पास खड़े हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अनवरगंज निवासी असद, फिर खान निवासी सूरज और शुक्लागंज का रहने वाला पुष्पा बताया जबकि उनके दो अन्य साथी फरार हैं। जिनकी तलाश में ताबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप