चोरी की दाे वारदातों का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार
बांदा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में चोरी की घटनाओं के खुलासे में जुटी पुलिस को रविवार को सफलता मिली। बिसंडा और तिंदवारी थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है। बिसंडा क्षेत्र में दो मकानों में हुई चोरी की वारदात में एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि उसका साथी अभी फरार है। वहीं, तिंदवारी क्षेत्र में मकान से आभूषण चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
दरवाजों की कुंडी काटकर उड़ाए थे आभूषण
जानकारी देते हए क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि बिसंडा थाना क्षेत्र के ग्राम डभनी में 18 जून 2026 की रात चोरों ने दो मकानों को निशाना बनाया था। चोरों ने दरवाजों की कुंडी काटकर राजबहादुर पुत्र हरिप्रसाद और नंदकिशोर पुत्र गजराज के घरों से आभूषण चोरी कर लिए थे। दोनों पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी।
रविवार को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बिसंडा पुलिस ने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नजदीक गड़ांव मोड़ के पास से राजबहादुर पुत्र कल्लू निवासी ओरन, थाना बिसंडा, हाल पता बंगाली का पुरवा, कस्बा बदौसा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी जीतू पुत्र चांदी निवासी ओरन के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार साथी की तलाश कर रही है।
पति का इलाज कराने गई महिला के घर से चोरी
दूसरी घटना तिंदवारी थाना क्षेत्र की है। यहां की निवासी राजकुमारी 16 अक्टूबर को अपने पति का इलाज कराने बबेरू गई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर में रखे बक्से की कुंडी टूटी हुई थी और उसमें रखे आभूषण समेत अन्य सामान गायब था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर तिंदवारी पुलिस ने ग्राम क्योटरा जाने वाली नहर की पुलिया के पास से रावेंद्र उर्फ भोला पुत्र कमल निवासी बहिंगा, थाना तिंदवारी और सदाब पुत्र अजमत निवासी सिमौनी, थाना बबेरू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है।
दोनों थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। वहीं, बिसंडा क्षेत्र की चोरी में शामिल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

