मवेशियों को ओडिशा ले जा रहे तीन तस्कर गिरफ्तार, 32 गोवंश मुक्त
धमतरी, 30 सितंबर (हि.स.)। मवेशियों को अवैध रूप से ओडिशा ले जा रहे तीन आरोपितों को मेचका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 32 गोवंश को मुक्त कराया। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना चारा-पानी की व्यवस्था किए लाठी-डंडों से हांकते हुए मवेशियों को जंगल के रास्ते ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अरसीकन्हार से खालगढ़ मार्ग होते हुए नवरंगपुर-ओडिशा की ओर ले जाए जा रहे 32 गोवंश को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में घनश्याम सेन उम्र 40 वर्ष निवासी जोबा, देवशरण उम्र 52 वर्ष निवासी केराबाहरा और ओंकार ठाकुर उम्र 32 वर्ष निवासी जोबा, थाना सिटी कोतवाली, जिला गरियाबंद शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

