मांट पुलिस और एएनटीएफ ने एक्सप्रेस-वे पर दो कारों से जब्त किया 70 लाख का गांजा, तीन तस्कर गिरफ्तार
यमुना एक्सप्रेसवे पर दो कारों से 134 किलो गांजा बरामद
मथुरा, 23 नवम्बर (हि.स.)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) आगरा जोन और थाना मांट पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर मांट टोल प्लाजा के पास से दो कारों में तस्करी कर लाया जा रहा 134 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय तस्करों को भी धर दबोचा है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
सोमवार पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की बड़ी खेप तस्करों द्वारा लाई जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ और मांट थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से यमुना एक्सप्रेसवे पर मांट टोल प्लाजा से पहले घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रही दो कारों एक वॉल्स वैगन (डीएल 3 सीबीडब्ल्यू 3807) और एक हुंडई आई 20 (एमएच 47 डब्ल्यू 1971) को रोककर गहन तलाशी ली गई, जिसमें कुल 67 पैकेटों में भरा 134 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कारों में सवार तस्कर अनिल कुमार उर्फ छोटे पुत्र श्री कृष्ण (निवासी- ग्राम नौगवां, थाना बिधूना, जिला औरैया; हाल निवासी- विकास विहार, ककरोला, थाना द्वारका सेक्टर-17, दिल्ली), सचिन देवीदास तायवडे पुत्र देवीदास तायवडे (निवासी- ग्राम जामटी, गणेशपुर, थाना वरुण, जिला अमरावती, महाराष्ट्र) तथा सोमेश साहेबराव मानेकर पुत्र साहेबराव मानेकर (निवासी- ग्राम जामटी, गणेशपुर, थाना वरुण, जिला अमरावती, महाराष्ट्र) को पकड़ लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया पकड़े गए आरोपित तस्कर यह भारी मात्रा में गांजा आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी से अन्ना नामक व्यक्ति से लेकर आए थे, जिसे दिल्ली पहुंचाया जाना था। तस्करी के इस खेल में अनिल अपनी वॉल्स वैगन कार में गांजा लेकर चल रहा था, जिसकी सुरक्षा के लिए सोमेश ने अपने गांव के सचिन को 25 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन देकर अनिल की गाड़ी में बैठाया था। वहीं, सोमेश खुद हुंडई आई-20 कार से आगे-आगे एस्कॉर्ट (पायलट) करते हुए रास्ता क्लियर कराने की सूचना दे रहा था। मांट टोल के पास पहुंचने पर जब ये सभी तस्कर आपस में मिले, तभी पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 134 किलोग्राम अवैध गांजा (67 पैकेट, प्रत्येक पैकेट 2 किग्रा), दो कारे, 04 मोबाइल फोन, दो डेबिट कार्ड, तीन हजार 200 रुपये बरामद किए है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता में प्रमुख रूप से एएनटीएफ (एएनटीएफ) आगरा टीम से निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा (टीम प्रभारी), मु0आ0 दीपू सिंह, मु0आ0 लखन लाल, मु0आ0 वसीम अकरम, मु0आ0 मुकेश कुमार सहित मांट थाना प्रभारी सहित अन्य सिपाही शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

