ओडिशा से गांजा लाकर एनसीआर में बेचने वाले तीन तस्कर गिरफ्तार, एक करोड रुपये कीमत का मादक पदार्थ बरामद
नोएडा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। थाना बादलपुर पुलिस व नारकोटिक्स टीम द्वारा बुधवार को एक सूचना के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से पुलिस ने 165 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा, घटना में प्रयुक्त ट्रक, एक कार, चार मोबाइल फोन, 980 रुपये नकद आदि बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि थाना बादलपुर पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टीम द्वारा आज एक सूचना के आधार पर दिनेश पुत्र जय नाथ मूलनिवासी जनपद तैमूर बिहार, समीर कुमार पुत्र केशव मंडल मूलनिवासी जनपद मुंगेर बिहार तथा रवि कुमार साहनी पुत्र मनोज साहनी मूलनिवासी जनपद मुजफ्फरपुर बिहार को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि ये लोग एक ट्रक में ओडिशा से गांजा तस्करी करके राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बेचने के लिए ला रहे थे। उन्होंने बताया कि इनकी निशानदेही पर पुलिस ने ट्रक में भरा हुआ 165 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। डीसीपी ने बताया कि बरामद गांजे की कीमत लगभग एक करोड रुपये है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त होने वाले ट्रक तथा एक कार को जप्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी ओडिशा से गांजा तस्करी करके एनसीआर में लाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

