व्यापारी से लूट करने वाले तीन लुटेरे मुठभेड़ में गिरफ्तार
कानपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्राफा व्यापारी से लूट करने वाले तीन लुटेरों को पुलिस ने देर रात हाफ एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई में दो लुटेरों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। शातिरों के पास से चार मोबाइल, दो तमंचा, एक लाख एक हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और सोने के जेवर बरामद हुए हैं।
पुलिस उपायुक्त मध्य आशीष कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि बुधवार की रात ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल इमली मिल गेट के पास ज्वेलर्स रामू केसरवानी से तीन लुटेरों ने बंदूक की नोक पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पीड़ित ने कर्नलगंज थाना में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने देर रात घेराबंदी करते हुए स्कूटी से आ रहे तीन शातिरों को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के रोकने पर वह तीनों भागने लगे। इस दौरान उनमें से एक बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो लुटेरों के पैर में गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि तीसरे को दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए शातिरों की पहचान कर्नलगंज गम्मू खा हाता निवासी शारिक हुसैन, चमनगंज निवासी कामरान और बजरिया निवासी शाहिद अफरीदी के रूप में हुई है। तीनों के पास से चार मोबाइल, एक लाख एक हजार रुपये नगद, सोने की ज्वेलरी, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और तमंचा बरामद हुआ है। घायलों का उपचार के लिए जिला अस्पताल उर्सला में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हैलट रेफर कर दिया गया। आगे उन्होंने बताया कि तीनों को आज न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

