हाईवे पेट्रोलिंग टीम पर बदमाशों का हमला, तलवार-चाकू से तीन पुलिसकर्मी घायल; दो गिरफ्तार
उदयपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हाईवे पेट्रोलिंग टीम पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। तलवार और चाकू से किए गए इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस को हाईवे पर लूटपाट की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची थी। घटना रात करीब 11 बजे बरी गांव के पास स्थित रणघाटी क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार पालियाखेड़ा की ओर जा रहा युवक कैलाश मीणा अपनी बहन के साथ बाइक से गुजर रहा था। रणघाटी से पहले पुलिया के पास तीन बदमाशों ने अपनी दो बाइक सड़क पर आड़ी लगाकर रास्ता रोक रखा था। जैसे ही कैलाश वहां पहुंचा, बदमाशों ने उसे रोककर लूटपाट की कोशिश की। स्थिति भांपते ही कैलाश ने तुरंत बाइक घुमाई और तेज गति से वहां से निकल गया। इसके बाद वह पास के एक मकान में घुस गया और अपनी बहन के साथ जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने तलवार और चाकुओं से हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए अंधेरे में जंगल के कच्चे रास्ते में छिपकर आरोपितों पर नजर बनाए रखी और मौका मिलते ही कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों में से दो को पकड़ लिया।
पुलिस ने मौके से तलवार और चाकू भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नारायण पुत्र बाबू डामोर और मोहन पुत्र होमा डामोर, निवासी पालावाड़ा के रूप में हुई है। जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
हैड कॉन्स्टेबल गिरधारी लाल की रिपोर्ट पर बाघपुरा थाने में आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार करवाया गया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

