अनूपपुर: करंट फैला जंगली शूकर का शिकार के 3 शिकारी गिरफ्तार, एक फरार, कुल्हाड़ी-बिजली के तार जब्त
अनूपपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के के बिजुरी वन परिक्षेत्र में शुक्रवार को जंगली शूकर के शिकार मामले में वन विभाग ने 'ऑपरेशन थंडर' के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी अभी फरार है। ज्ञात हो कि आरोपियों ने 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से अवैध कनेक्शन लेकर करीब 3 किलोमीटर क्षेत्र में करंट फैलाया था। इसकी चपेट में आने से 29 सितंबर की रात जंगली शूकर की मौत हो गई थी।
आरोपियों ने मृत जंगली शूकर के मांस को खाने की तैयारी की थी। वन विभाग के अनुसार सबूत मिटाने के लिए शूकर के अवशेष और हड्डियों को जला दिया गया। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए बैसाखू पाव, महेश यादव और अरुण तिग्गा को गिरफ्तार कर कब्जे से शिकार में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, बिजली के तार, खूंटियां और जली हुई हड्डियों के अवशेष जब्त किए हैं। मामले में फरार आरोपी कुंभकरण पाव की तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2, 9, 39, 50 और 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में वन परिक्षेत्र बिजुरी रेंजर पवन ताम्रकार, बीट प्रभारी भेडरी तलैया लोकेन्द्र मरावी, विनोद मिश्रा, करण सिंह, वनरक्षक केसौरी, अशीष पाण्डेय सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

