भ्रष्टाचार में संलिप्त तीन लोगों को भेजा गया जेल
भागलपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। निगरानी विभाग द्वारा भ्रष्टाचार में संलिप्त में मुंगेर और बेगूसराय से गिरफ्तार तीन लोगों को शनिवार को कानूनी प्रक्रिया के लिए भागलपुर लाया गया है।
पूरा मामला बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल अंचल के पंचवीर पंचायत की सरकारी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि इस जमीन को बचाने के नाम पर भारी घूस की मांग की जा रही थी। निगरानी टीम ने मुंगेर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में तैनात पेशकार मुकेश कुमार को 1 लाख 70 हजार रुपए घूस लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
बताया जा रहा है कि पंचवीर पंचायत के पूर्व मुखिया नंदकिशोर प्रसाद ने इस जमीन मामले को प्रमंडलीय आयुक्त के न्यायालय में चुनौती दी थी। करीब तीन कट्ठा चार धुर जमीन की कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपए आंकी गई है। आरोप है कि इस सरकारी जमीन को फर्जी कागजात के आधार पर मो जावेद और अन्य के नाम दाखिल-खारिज कर दिया गया था। वादी के अनुसार पेशकार मुकेश कुमार ने फैसला प्रभावित करने के लिए पांच लाख रुपए की मांग की थी।
ग्रामीणों से चंदा जुटाकर पहले तीन लाख रुपए दिए जा चुके थे। शेष राशि देते समय निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया। इस मामले में पहले ही पटना के निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। सत्यापन के बाद निगरानी डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को भागलपुर के निगरानी कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

