महिला की हत्या के आरोप में पति समेत तीन गिरफ्तार
गाजियाबाद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र स्थित सदरपुर गांव में घरेलू विवाद के दौरान हुई रेनू नाम की महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार काे उसके पति अरुण कुमार और सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिताें की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपिताें ने खाना बनाने और छोटी-छोटी बातों को लेकर घर में विवाद होने की बात कही है। मामले में फरार देवर अर्पण कुमार की तलाश की जा रही है।
एसीपी कविनगर अभय डागा ने बताया कि मूलरूप से अलीगढ़ के पिसावा क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी राहुल राठी ने पांच अक्टूबर को मधुबन बापूधाम थाने में अपनी बहन रेनू की हत्या की शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि रेनू के पति अरुण कुमार, ससुर विनोद कुमार, सास रोहताशी और देवर अर्पण कुमार ने मिलकर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। उन्होंने बताया कि एक सूचना के आधार पर मंगलवार को पुलिस टीम ने बुनकर मार्ट पुलिस चौकी के पास से अरुण कुमार, उसके पिता विनोद कुमार और मां रोहताशी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपिताें की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद की है। चौथे आरोपित अर्पण कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
रेनू के मायके पक्ष ने आरोप लगाया था कि घटना के दौरान पति अरुण ने वीडियो कॉल कर अपनी सरहज को रेनू की पिटाई दिखा रहा था। उसने कहा था कि रेनू अधमरी हो गई है और मर जाए तो शव ले जाना। गंभीर हालत में रेनू को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपिताें ने पूछताछ में बताया कि घर में छोटी-छोटी बातों और खाना बनाने को लेकर अक्सर विवाद होता था। इससे परिवार में आए दिन कलह होती थी। आरोपिताें ने इसी विवाद से परेशान होकर रेनू के सिर पर लोहे की रॉड से वार करने और मारपीट करने की बात स्वीकार की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

