home page

स्मैक तस्करी में एक बाल अपचारी सहित तीन गिरफ्तार

 | 
स्मैक तस्करी में एक बाल अपचारी सहित तीन गिरफ्तार


देवरिया, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सलेमपुर पुलिस ने स्मैक तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर वार्ड नंबर 05 हरैया लाला क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम ने मौके से 26 पुड़िया स्मैक (5.72 ग्राम) और 24.24 ग्राम अतिरिक्त स्मैक, कुल 29.96 ग्राम बरामद की। इसके अलावा अभियुक्तों के पास से स्मैक बिक्री के 7 लाख 23 हजार 390 रुपये नकद, एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा दवा कूटने का चीनी मिट्टी का ओखली-मूसल भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार ये उपकरण नशीले पदार्थ की पैकेजिंग और बिक्री में उपयोग किए जाते थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों में कृष्णा गुप्ता (35) पुत्र मुन्ना गुप्ता तथा उसकी पत्नी उर्मिला गुप्ता (29) निवासी वार्ड नंबर 05 हरैया लाला, थाना सलेमपुर शामिल हैं। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है।

इस संबंध में थाना सलेमपुर पर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों वयस्क अभियुक्तों को न्यायालय भेजा गया, जबकि बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी दीपक पटेल व उनकी टीम द्वारा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक