home page

सिरसा: दो सडक़ हादसों में तीन की मौत

 | 

सिरसा, 13 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले में दो अलग-अलग सडक़ दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। शवों का शुक्रवार को सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। सिरसा जिले के गांव केहरवाला के पास गुरुवार रात दो कारों की सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों कार चालकों की मौत हो गई, जिनकी पहचान संतनगर निवासी बलवंत सिंह व केहरवाला निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। जबकि माया देवी पत्नी बलवंत सिंह जो कि आंगनवाड़ी वर्कर है, गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि एक कार डबवाली से जीवननगर की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी कार केहरवाला से डबवाली की तरफ जा रही थी। गांव केहरवाला के पास दोनों कारों में सीधी टक्कर हो गई। बलवंत सिंह पत्नी माया देवी के साथ डबवाली में शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर नगारिक अस्पताल भिजवाया, जहां शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के अनुसार मृतक विनोद कुमार राजमिस्त्री का काम करता था।

उधर, सिरसा-भादरा मार्ग पर गुरुवार रात्रि को एक वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। उसे घायलावस्था में उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव अरनियांवाली निवासी अजय के रूप में हुई है। घटना की सूचना पाकर चोपटा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। अजय कुमार किसी काम से गांव शेरपुरा में गया हुआ था। रात्रि करीब साढ़े दस बजे वह बाइक पर घर वापस आ रहा था। 8 वां मील बस स्टेंड के निकट उसकी मोटरसाइकिल को सामने से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर शव का सिरसा के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma