home page

गला रेतकर बुजुर्ग के हत्या मामले में तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार

 | 
गला रेतकर बुजुर्ग के हत्या मामले में तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार


अररिया 01 जून(हि.स.)।

जिले की रानीगंज थाना पुलिस ने एक दिन पहले भिट्ठा गांव में जमीनी विवाद को लेकर बुजुर्ग बदरी ऋषिदेव हत्याकांड मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतक के परिजन द्वारा थाने में आवेदन दिए जाने के बाद त्वरित छापेमारी कर की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में इस्लाम के तीन पुत्र मो० मुस्तकीम उर्फ पप्पू,मो० औफिसर और भुटाई शामिल है।

भिट्ठा वार्ड संख्या 16 की रहने वाली पीड़िता बुधनी देवी के अनुसार, उनका नाती धन्नंजय कुमार घर के पास खाली जमीन पर लगे बांस काट रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी मो. इसलाम ने गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दी थी।जब पीड़िता ने बीच-बचाव किया, तो इसलाम ने तैश में आकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।जिसके बाद आरोपी उस वक्त तो चला गया, लेकिन देर रात 10-12 हथियारबंद परिजनों को लेकर पीड़िता के घर पर धमक गया।आरोपियों ने आते ही घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखा सारा अनाज और कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।विरोध करने पर बुजुर्ग बदरी ऋषिदेव की चाकू से गर्दन पर प्रहार कर हत्या कर दी थी।

तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रानीगंज थाना पुलिस मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर