home page

झपटमारी करने वाले तीन गिरफ्तार, 12 मोबाइल फोन और बाइक बरामद

 | 
झपटमारी करने वाले तीन गिरफ्तार, 12 मोबाइल फोन और बाइक बरामद


प्रयागराज, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन थाना पुलिस ने रविवार को झपटमारी की घटनाओं में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 12 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में जार्जटाउन पुलिस और आईसीसीसी टीम की संयुक्त कार्रवाई में झपटमारी की घटनाओं में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से चोरी एवं झपटमारी के 12 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

गिरफ्तार आरोपितों में राज सिंह निवासी हिम्मतगंज, मयंक श्रीवास्तव निवासी कटरा और नितिन सिंह उर्फ निखिल निवासी लकड़मंडी, खुल्दाबाद के रूप में हुई है। तीनों को मुखबिर की सूचना पर हासिमपुर ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 12 मोबाइल फोन बरामद हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल