home page

रायपुर पुलिस की तत्परता से तीन नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षित वापसी

 | 

रायपुर, 25 जुलाई (हि. स.)। लापता नाबालिग बालिकाओं की तलाश में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है।

डीसीपी पश्चिम जोन के निर्देशन में थाना पुरानी बस्ती और थाना आजाद चौक पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुरिया एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में लापता बालिकाओं की खोज के लिए तत्काल पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी।

थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में 24 जुलाई 2026 की रात एक नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना मिली। परिजनों ने बताया कि, बालिका विद्यालय गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी। जांच के दौरान उसकी सहेली के भी घर नहीं पहुंचने की जानकारी सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थानों और संभावित मार्गों पर तलाश अभियान चलाया।

पुलिस की सतर्कता और तकनीकी संसाधनों के उपयोग से दोनों नाबालिग बालिकाओं को महज एक घंटे के भीतर रेलवे स्टेशन के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों बालिकाओं को उनके परिवारों के सुपुर्द किया गया।

इसी तरह थाना आजाद चौक क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली।

परिजनों के अनुसार, बालिका घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की और संभावित स्थानों पर जांच की। पुलिस टीम ने दोपहर करीब 2 बजे बालिका को बूढ़ा तालाब के पास से सकुशल बरामद कर लिया।

रायपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से तीनों बालिकाएं सुरक्षित अपने परिवारों तक पहुंच सकीं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए आगे भी इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर