home page

ग्रामीणों ने पकड़े तीन बदमाश, पुलिस को सौंपा

 | 

उत्तर दिनाजपुर, 31 जुलाई (हि. स.)। रात के अंधेरे में चोरी की नीयत से आए बदमाशों के गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान पश्चिम फतेपुर निवासी मोहम्मद इसराइल, माघनाविटा के सामिम अख्तर और महेशपुर के मोहम्मद आजाद के रूप में हुई है। गुरुवार देर रात जिले के डालखोला थाना क्षेत्र के बाजारगांव एक एक नंबर ग्राम पंचायत के पश्चिम फतेपुर इलाके में यह घटना सामने आई है।

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बदमाश सिर्फ चोरी ही नहीं, बल्कि किसी बड़े अपराध या गलत इरादे से भी इलाके में आए थे।

जानकारी के अनुसार, पांच सदस्यीय चोर गिरोह एक खाली घर को निशाना बनाकर स्थानीय निवासी अलाउद्दीन के घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। उस समय घर के मालिक मौजूद नहीं थे, लेकिन उनका दामाद काम से लौटते वक्त घर के बाहर संदिग्ध लोगों को घूमते देख सतर्क हो गया। बिना देर किए उसने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया और साहस दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मिलकर दो अन्य बदमाशों को भी पकड़ लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर गिरोह के दो सदस्य मौके से फरार हो गए। पकड़े गए तीनों बदमाशों को गुस्साए ग्रामीणों ने रस्सी से बांध दिया और उनकी पिटाई भी की।

घटना की सूचना पाकर डालखोला थाने की पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। डालखोला थाने की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार