बदमाशों ने लिफ्ट देकर पुलिसकर्मी को मारपीट कर लूटा
नोएडा, 22 मई (हि.स.)। कार में लिफ्ट देकर तीन बदमाशों ने एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट कर उससे लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद अमरोहा निवासी अनुज कुमार ने बताया कि वह मौजूदा समय में रिक्रूट आरक्षी के पद पर थाना यमुना पार जिला मथुरा में तैनात है। 20 मई को वह यमुना पार से एक दिवसीय अवकाश पर घर जा रहा था। जब वह मथुरा से नोएडा के सेक्टर 62 पहुंचा। वहां से वह जोया जाने के लिए सवारी के इंतजार में खड़ा था, तभी एक कार उसके पास आकर रूकी। कार चालक ने उससे पूछा कि कहां जाना है। उसने बताया कि मुझे जोया जाना है, तो ड्राइवर ने कहा कि आप बैठ जाओ मैं वही जा रहा हूं।
पीड़ित के अनुसार कार में ड्राइवर के अलावा दो अन्य व्यक्ति बैठे थे। जैसे ही थोड़ी दूर कार चली कार में पीछे बैठे दोनों लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। आरोप है सवारियों और ड्राइवर ने उसके साथ मारपीट कर उसे बंधक बनाकर वे लोग उसे दादरी के बोड़ाकी गांव के पास ले गए। बदमाशों ने उसके पास रखी हुई नगदी, मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड आदि लूट लिया। उसे चलती कार से धक्का देकर गिरा दिया। मारपीट के दौरान उसके चेहरे पर गंभीर चोट आई है। इस बाबत पूछने पर थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मारपीट और चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

