हाईवे पर राहगीरों से लूटपाट करने वाली गैंग के तीन बदमाश चढे पुलिस के हत्थे
जयपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। हरमाड़ा थाना पुलिस ने दिल्ली-अजमेर हाईवे पर राहगीरों से मारपीट कर लूटपाट करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई नकदी और दस्तावेज बरामद कर लिए हैं, जबकि मोबाइल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि हरमाड़ा थाना पुलिस ने दिल्ली-अजमेर हाईवे पर राहगीरों से मारपीट कर लूटपाट करने वाली गैंग के शातिर बदमाश ललित कुमार वर्मा उर्फ टमाटर (20) निवासी गंगापुर सिटी हाल मुरलीपुरा, अंकित कुमार सिंह (22) निवासी मधुबनी (बिहार) हाल मुरलीपुरा स्कीम और गणेश कुमावत उर्फ कान्हा (25) निवासी तिगरिया चौमूं को गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी नरेंद्र भड़ाना ने बताया कि आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। ललित के खिलाफ हरमाड़ा थाने में 2024 का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अंकित के खिलाफ मुरलीपुरा थाने में 2024 में चोरी का मामला दर्ज है। गणेश के खिलाफ मुरलीपुरा थाने में आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित अन्य मामले दर्ज हैं, जो विचाराधीन हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपिताें को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। लूटे गए मोबाइल की बरामदगी के प्रयास जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

