उज्जैनः तीन बदमाशों ने झांसे में लेकर महिला से साढ़े तीन लाख के आभूषण ठगे
उज्जैन, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही एक वृद्धा को झांसे में लेकर तीन बदमाशों ने लाखों रुपये कीमत के आभूषण ठग लिए। घटना जीरो पाइंट ब्रिज स्थित शिव मंदिर के समीप की है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
देवासगेट थाना पुलिस ने शनिवार को बताया कि ढांचा भवन निवासी राजू देवी पत्नी गोपाल बागरवाल शुक्रवार शाम को जीरो पाइंट ओवरब्रिज के पास स्थित महादेव मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं। तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका और पानी मांगा। इसी दौरान तीसरा युवक भी वहां पहुंच गया। तीनों ने मिलकर राजूदेवी को झांसे में लिया और कान के सोने के टॉप्स और सोने की चेन उतरवा ली। इसके बाद कुछ देर बाद तीनों युवक आभूषण लेकर भाग निकले। महिला को जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने घर जाकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद परिजन महिला को लेकर थाने पहुंचे। जहां देवासगेट थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी।
इस तरह की ठगी: राजूदेवी ने पुलिस को बताया कि दो युवकों ने रास्ते में रोककर उनसे पानी मांगा था। उन्होने पानी न होने की बात कहते हुए पैसे देने की पेशकश की, जिस पर एक युवक बोतल लेने चला गया, जबकि दूसरा उनसे बातचीत करने लगा। उसने खुद को तंत्र विद्या जानने वाला बताते हुए कहा कि उनके बच्चों पर संकट है और उनके गहनों पर काल मंडरा रहा है। बातचीत के दौरान ही एक तीसरा युवक भी वहां पहुंच गया और उसने भी खुद को परेशान बताते हुए समाधान पूछना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में राजूदेवी उनके झांसे में आ गईं और अपने आभूषण उतार कर उन्हें दे दिए।
पुलिस ने बताया कि एक युवक ने आभूषणों को रूमाल में लपेटकर वापस देने का नाटक किया और कहा कि इन्हें घर ले जाकर सुरक्षित रख लें, तभी एक युवक ने उन्हे पानी पिलाया। जिसके बाद राजूदेवी को कुछ याद नहीं रहा। किसी तरह घर पहुंचकर उन्होंने अपनी बेटी अनिता को पूरी घटना बताई। ठगों द्वारा ले जाए गए गहनों की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपए बताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

