वकील से चेन लूटने वाले तीन बाल अपचारी गिरफ्तार, एक फरार
कानपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बाबूपुरवा में अधिवक्ता के गले से सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन बाल अपचारियों को पकड़ा है। उनके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस ने करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर तीनों बाल अपचारियों की पहचान की। पूछताछ में सामने आया कि नशे का शौक पूरा करने के लिए उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लूटी गई चेन को 60 हजार रुपये में एक ज्वैलर्स को बेचने की तैयारी थी, लेकिन सौदा होने से पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
बाबूपुरवा की एनएलसी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता हर्ष कुमार वर्मा सोमवार रात अपने मित्र अमित शर्मा के साथ मसवानपुर से लौट रहे थे। रात करीब 8:15 बजे अमित ने उन्हें त्रिवेणी मार्केट स्थित मौसिया पान शॉप के पास उतार दिया। वहां से वह पैदल घर जा रहे थे। किदवई नगर पिंक चौकी से करीब 100 मीटर आगे पहुंचने पर दो युवकों ने उनसे गेट नंबर छह जाने का रास्ता पूछा। हर्ष उन्हें रास्ता बता रहे थे, तभी पीछे से आए दो अन्य युवकों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की दोनों चेन तोड़ लीं।
अधिवक्ता ने चेन बचाने के लिए लुटेरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे भाग निकले। पैर में चोट होने के कारण वह उनका पीछा नहीं कर सके। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, मगर तब तक लुटेरे फरार हो चुके थे। पीड़ित की तहरीर पर बाबूपुरवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए डीसीपी साउथ ने पांच पुलिस टीमें लगाई थीं। जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बाबूपुरवा के बगाही निवासी तीन बाल अपचारियों तक पहुंची। उनके पास से लूटी गई चेन बरामद कर ली गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल कोपरगंज निवासी साहिल फरार है। वह चेन बिकवाने के लिए ज्वैलर्स के संपर्क में था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

