यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार
मीरजापुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। कोतवाली कटरा पुलिस ने यात्रियों को नशीला/जहरीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आठ पुड़िया नशीला पाउडर, एक हजार रुपये नगद व चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
27 फरवरी को रामबाग कुरैशनगर निवासी रियाज अहमद ने तहरीर देकर बताया था कि उनके बहनोई को अज्ञात व्यक्तियों ने नशीला पदार्थ खिलाया, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, पड़री निवासी राधेश्याम ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया कि उन्हें नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया गया और एक हजार रुपये चोरी कर लिए गए। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रितेश सिंह ने बताया कि क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर रेलवे कालोनी हनुमान मंदिर के पास से उमेश कुमार यादव, वीरेन्द्र सोनकर व कर्नल यादव को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे रेलवे स्टेशन व रोडवेज के आसपास यात्री बनकर घूमते थे और भोले-भाले लोगों को खाने-पीने में नशीला पदार्थ मिलाकर लूट लेते थे।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह, उपनिरीक्षक मेराज अली व उपनिरीक्षक नान्हक सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही। आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

