सिरसा: अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के तीन सदस्य पंजाब से गिरफ्तार
सिरसा, 20 मार्च (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को पंजाब के बठिंडा जिला क्षेत्र से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा नौ मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान व पंजाब में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
डीएसपी कालांवाली संदीप धनखड़ ने शुक्रवार को गिरोह का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों की पहचान पंजाब जिला बठिंडा निवासी राजू, नवदीप, बिट्टू के रूप में हुई है। डीएसपी ने बताया कि महेंद्र कुमार की शिकायत पर पुलिस ने बाइक चोरी का मामला दर्ज किया था। महेंद्र कुमार ने बताया कि वह बीती 12 जनवरी को मार्केट कमेटी कालांवाली में आया था और उसने अपना मोटरसाइकिल कमेटी कार्यालय के बाहर खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद देखा तो मोटरसाइकिल गायब था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की। पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पंजाब के बठिंडा क्षेत्र से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कालांवाली क्षेत्र से ही नौ वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नौ चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान चोरी की अन्य वारदातों व गिरोह में शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी।
इसके अलावा पुलिस ने हेरोइन तस्करी मामले में वांछित तस्कर को राजस्थान क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए प्रभारी राजपाल ने बताया कि पकड़े गए तस्कर की पहचान मोबीन अली के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गांव गंगा क्षेत्र से रवि को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे मोबीन अली ने हेरोइन सप्लाई की। पुलिस ने मोबीन अली के खिलाफ भी डबवाली सदर थाना अभियोग दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

