home page

हाईवे पर ट्रकों से डीजल चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

 | 
हाईवे पर ट्रकों से डीजल चुराने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार


कानपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। महाराजपुर थान क्षेत्र अंतर्गत हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से सात बाइक, एक स्कॉर्पियो, तीन तमंचे और 22 कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।

अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय संकल्प शर्मा ने बताया कि, गिरफ्तार आरोपितों में महाराजपुर निवासी दीपक सिंह, नरवल निवासी सौरभ सिंह और महाराजपुर के मवईया गांव निवासी हिमांशु सिंह शामिल हैं। गिरोह कानपुर के अलावा आसपास के जिलों में भी डीजल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पूर्वी जोन की पुलिस टीमें गिरोह की तलाश में जुटी थीं। गुरुवार को महाराजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन सदस्यों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने आसपास के जिलों में भी वारदात करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य रात में हथियार लेकर हाईवे पर घूमते थे। ढाबों के आसपास और सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों से डीजल निकालने के बाद उसे ग्रामीण इलाकों में कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस अब फरार सदस्यों की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दीपक सिंह के खिलाफ चार, सौरभ सिंह के खिलाफ छह और हिमांशु सिंह के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप