22 गोदाम फायरिंग कांड मामले में तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 15 जून (हि.स.)। अशोक नगर थाना पुलिस ने 22 गोदाम क्षेत्र में हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त होंडा सिटी कार बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि 10 जून 2026 को परिवादी शाहिद कुरैशी ने अशोक नगर थाने में मामला दर्ज कराया था कि 10 जून की रात करीब 2:50 बजे वह 22 गोदाम क्षेत्र में अपने एक मित्र से मिलने गया था। इसी दौरान अजमेर पुलिया की ओर से आई एक कार में सवार बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके दाहिने पैर की जांघ में लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
इधर घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त बालाराम के निर्देशन में अशोक नगर थाना पुलिस, जिला विशेष टीम (डीएसटी), सीएसटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। डीएसटी प्रभारी विशम्भर सिंह के तकनीकी इनपुट पर पुलिस को शिवदासपुरा टोल के पास आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर आफताफ उर्फ बाबा (22), फैजान उर्फ डी.के. (24) तथा सुबान उर्फ लोटया (20) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी आफताफ उर्फ बाबा के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं आरोपी फैजान उर्फ डी.के. के कब्जे से एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा फायरिंग में प्रयुक्त होंडा सिटी कार भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और फायरिंग की वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

