home page

सुकमा : 68 किलो गांजा के साथ कर्नाटक के तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 | 
सुकमा : 68 किलो गांजा के साथ कर्नाटक के तीन अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार


62.63 लाख अनुमानित मूल्य का गांजा, वाहन व अन्य सामग्री जब्त, फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद

सुकमा, 01 अगस्त (हि.स.)। सुकमा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे आगाज़-नशे के विरुद्ध अभियान के तहत थाना एर्राबोर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 68 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से दो कारें, मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट, नगदी एवं अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 62 लाख 63 हजार 100 रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह, मनोज तिर्की एवं एसडीओपी दोरनापाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो सफेद रंग की कार में गांजा लेकर तस्कर एनएच-30 के रास्ते गुजरने वाले हैं। सूचना पर एर्राबोर बाजार के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों कारों से 50 पैकेटों में भरा कुल 68 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़, तीनों निवासी जिला बीदर (कर्नाटक) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

सुकमा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहन ठाकुर