मादक पदार्थ खरीदने आए थे, अफीम, पिस्टल के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 06 जून (हि.स.)। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 89.24 ग्राम अवैध अफीम, एक देशी पिस्टल व एक जिंदा कारतूस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त की गई है। आशंका है कि गिरफ्तार तीन से दो आरोपित मारवाड़ के हैं, ऐसे में वे मादक पदार्थ खरीदने आए हो।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह यादव ने बताया कि मंगलवाड़ थाना इंचार्ज गोकुल लाल डांगी मय जाब्ते के डूंगला रोड पर गश्त कर रहे थे। तभी मंगलवाड़ तालाब के पास डूंगला की तरफ से आ रही नीले रंग की मारुति सुजुकी कार पुलिस के वाहन को देख कर मिर्चाखेड़ी के कच्चे रास्ते पर भागने लगी। आशंका होने पर पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी कर कार रोकी। पुलिस ने कार में सवार चालक जालौर जिले के चिम्बड़ा, थाना चीतलवाना निवासी राकेश कुमार गोदारा विश्नोई पुत्र सोहनलाल, चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में आसावरा की ढाणी निवासी हितेश पुत्र पारसमल सालवी तथा बालोतरा जिलेके माइलो की बेरी खारी निवासी भोमाराम पुत्र वालाराम जाट को पकड़ा। पुलिस ने कार की तलाशी में में बारदान सहित 89.24 ग्राम अवैध अफीम, एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस मिला। तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

