home page

कानपुर में 10 लाख की लूट का 48 घंटे में खुलासा, मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
कानपुर में 10 लाख की लूट का 48 घंटे में खुलासा, मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपित गिरफ्तार


कानपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। कानपुर नगर में चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर में मां-बेटे को बंधक बनाकर करीब 10 लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पहले पुलिस ने वारदात के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर देर रात हुई मुठभेड़ में दो अन्य आरोपितों को भी दबोच लिया गया। दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उनके पैरों में गोली लगी। पुलिस अब दो फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।

संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन ताडा ने बताया कि बीते सोमवार को श्यामनगर के सी-ब्लॉक भल्ला टटिया निवासी शरद चंद्र त्रिपाठी के घर उस समय लूट की वारदात हुई थी, जब वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बाहर गए थे। घर में उनकी मां रचना त्रिपाठी और बेटा देवांश मौजूद थे। बदमाशों ने दोनों को बंधक बनाकर करीब 10 लाख रुपये के जेवर और अन्य कीमती सामान लूट लिया था।

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से बुधवार को मामले के मास्टरमाइंड प्रशांत उर्फ मोनू शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पीड़ित परिवार का दूर का रिश्तेदार (साला) है और पहले कई बार उनके घर आ-जा चुका था। इसी वजह से उसे मकान की बनावट, परिवार की दिनचर्या और कीमती सामान की जानकारी थी। उसने 'मलमास का पूजा' कराने के बहाने कुछ दिन पहले घर की रेकी की और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

पुलिस पूछताछ में मोनू ने अपने साथियों के नाम रफीक, शफीक अहमद, विजय और कमल वाल्मीकि बताए। इसके बाद देर रात सूचना मिली कि कमल वाल्मीकि और शफीक अहमद अलखनंदा क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो दोनों ने टीम पर ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली सरकारी जीप में लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैरों में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

घायल दोनों आरोपितों को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल अन्य सामान बरामद किया है। लूटे गए माल की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।

आगे उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना का सफल खुलासा किया गया है। अब तक तीन आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि फरार चल रहे रफीक और विजय की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर शेष लूट का माल भी बरामद कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप