सारण में आवाज दो अभियान के तहत तीन लड़कियां रेस्क्यू, एक गिरफ्तार
सारण, 15 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने महिलाओं और नाबालिगों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे आवाज दो अभियान के अंतर्गत एक सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर गठित पुलिस की विशेष टीम ने नगरा थाना क्षेत्र में संचालित आर्केस्ट्रा स्थलों पर सुनियोजित तरीके से छापामारी की। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने जबरन प्रताड़ित कर नृत्य कराई जा रही तीन नाबालिग व पीड़ित लड़कियों को मुक्त कराया। मुक्त कराई गई लड़कियों में एक नेपाल और दो बिहार की रहने वाली हैं।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपालगंज जिले के कटिया थाना अंतर्गत नमुया निवासी राघव गिरी के पुत्र मंटू गिरी के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला थाने में कांड संख्या 92/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, बंधुआ मजदूर अधिनियम और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
अपर पुलिस महानिदेशक कमजोर वर्ग एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के आलोक में इस विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया था। इस रेस्क्यू टीम में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल आनंद, महिला थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक नेहा कुमारी, नगरा थानाध्यक्ष सहित पुलिस बल और महिला गृहरक्षक शामिल थे।
पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद आम जनता से भी सजग रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि समाज में किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ नागरिक आवाज दो हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर तुरंत सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

